देश में एक बार फिर मौसम ने अपना मिजाज बदला है, कई इलाकों में लगतार बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है। उत्तर भारत के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही बारिश हो रही है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह न्यूनतम तापमान, इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने आज शहर में आंशिक रूप से बादल छाने का पूर्वानुमान भी लगाया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े 8 बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 69 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाने और अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान लगाया है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उत्तर प्रदेश में दर्ज की गयी बारिश
उत्तर प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है, कई जिलों में हुई लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘यास’ का असर भी यूपी में दिख रहा है, बंगाल से उत्तर प्रदेश तक पहुंचते-पहुंचते भले ही यास तूफान ढीला पड़ गया है, लेकिन तूफान के कारण कई जिलों में मौसम प्रभावित हुआ है।
दक्षिण भारत में भी दी मानसून ने दस्तक
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिम में मानसून बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों की ओर बढ़ गया है और इसके 31 मई तक केरल में पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा, ‘दक्षिण पश्चिम मानसून 27 मई की सुबह मालदीव-कोमोरिन इलाके, दक्षिण पश्चिम तथा पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों की ओर, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के अधिकतर हिस्सों और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों की ओर बढ़ गया है।’