भाजपा प्रमुख अमित शाह ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ माकपा की हिंसा के खिलाफ कल से सभी राज्यों की राजधानियों में दो सप्ताह की पदयात्रा की आज घोषणा की।
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन के गृह नगर एवं माकपा के गढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि राज्य में हिंसा के लिए विजयन जिम्मेदार हैं। भाजपा कार्यकर्ता राजनीतिक हत्याओं के पीड़ित हैं।
शाह एक पखवाड़े तक चलने वाली जन रक्षा यात्रा का शुभारंभ करने यहां आए। राज्य में वाम दल की कथित राजनीतिक हिंसा के विरोध में पार्टी इस यात्रा का आयोजन कर रही है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में वाम दल के शासन से लडऩे के लिए लोकतांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, माकपा नेता और केरल के मुख्यमंत्री विजयन राज्य में सभी राजनीतिक हत्याओं के लिए प्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार हैं।
भाजपा ने कल कहा था कि राज्य में वर्ष 2001 के बाद से 120 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी है जिनमें से 84 लोग केवल कन्नूर में मारे गए। गत वर्ष माकपा के सथा में आने के बाद से कन्नूर में 14 लोग मारे जा चुके हैं।
आपको बता दे कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कन्नूर जिले के तालीपरम्बा में प्रसिद्ध राजराजेश्वर मंदिर में आज पूजा-अर्चना की। बीजेपी नेता अमित शाह आज सुबह मंगलूर हवाईअड्डे पहुंचे और बाकेल से सड़क मार्ग के जरिए मंदिर पहुंचे। उनके साथ प्रदेश बीजेपी नेता भी मौजूद रहे। मंदिर प्रशासन ने शाह का स्वागत किया।