प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में 29 यात्रियों की मौत पर सोमवार को दुख जताया। उत्तरप्रदेश रोडवेज की एक बस सोमवार सुबह लगभग चार बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर फिसलकर 50 फुट नीचे गहरे नाले में जा गिरी जिसमें 29 यात्रियों की मौत हो गई और 18 जख्मी हो गए।
मोदी ने ट्वीट किया, “उत्तरप्रदेश के आगरा में हुई बस दुर्घटना से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदना है। भगवान से प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद मुहैया करा रहे हैं।”
वही, अमित शाह ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया,” यमुना एक्सप्रेस वे, आगरा में हुयी सड़क दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र ही स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”
घटना पर दुख प्रकट करते हुए राजनाथ ने ट्वीट किया, “भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह भी घटनास्थल पर गए हैं। इस हृदय विदारक घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी भावनायें एवं संवेदनाएं प्रेषित करता हूं तथा जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”
इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्ढा ने बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। नड्ढा ने कहा कि बस दुर्घटना की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने इस दर्दनाक हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी घटना पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट किया, “एक और बस दुर्घटना के कारण हुई मौतों के बारे में सुनकर दुख हुआ, इस बार आगरा के पास। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
कांग्रेस के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, “आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर चल रही यात्री बस के साथ हुई दुर्घटना की खबर अत्यन्त दुखद एवं ह्रदय विदारक है। ईश्वर से सभी दिवंगत आत्माओं की शांति एवं उनके परिवारों को इस दुःख से उबरने का साहस एवं सम्बल एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।”