केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को युवाओं को देश के विकास का इंजन बताया और उनसे अति सक्रिय एवं नवोन्मेषी होने तथा कुछ नया सीखने के लिए नयी प्रौद्योगिकी अपनाने का आह्वान किया।
ठाकुर हिसार में ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जन संचार विभाग में स्थापित सामुदायिक रेडियो स्टेशन 90.0 ‘भव्यवाणी’ रिपीट ‘भव्यवाणी’ का भी उद्घाटन किया।
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता और हिसार से लोकसभा सदस्य ब्रजेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
इस मौके पर ठाकुर ने कहा, ‘‘पूरी दुनिया उम्मीद से भारत के युवाओं की ओर देख रही है, क्योंकि आप देश के विकास के इंजन हैं और भारत दुनिया के विकास का इंजन है। भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है और हमें 2047 तक भारत को पूरी तरह विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कुशल एवं पेशेवर युवाओं की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा की असीम संभावनाएं होनी चाहिए।
ठाकुर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत बहु विषयक रवैये के जरिए सीखने का समग्र अनुभव हासिल करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आप अच्छी तरह जानते हैं कि एनईपी लाने में 34 से अधिक साल लगे। मैं आज कह सकता हूं कि इसे सीखने का समग्र अनुभव उपलब्ध कराने के लिए अध्ययन की बहु विषयक प्रवृत्ति पर जोर देने के साथ ही बनाया गया है।’’
साथ ही उन्होंने स्टार्टअप कार्यक्रम के लिए नरेंद्र मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप पारिस्थितिकी (इकोसिस्टम) है। उन्होंने कहा कि 110 स्टार्टअप को यूनिकॉर्न का दर्जा मिला है। देश में 85,000 से अधिक स्टार्टअप हैं।
केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने के लिए हरियाणा की बेटियों की प्रशंसा की। उन्होंने विश्वविद्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों से खेल बुनियादी ढांचे को उन्नत करने तथा युवाओं से ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ पर जोर देते हुए ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ में सक्रियता से भाग लेने का आह्वान किया।
ठाकुर बाद में हिसार के दूरदर्शन केंद्र भी गए।