श्रीनगर के बाहरी इलाके में सेना और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए जबकि एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। मुठभेड़ करीब 18 घंटे चली। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘पुलिस और सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर शनिवार को बांदीपोरा मार्ग पर मुजगुंड इलाके में खोजी अभियान चलाया था, लेकिन आतंकियों द्वारा खोजी टीम पर हमला करने के बाद यह अभियान मुठभेड़ में बदल गया।’
प्रवक्ता ने कहा कि सेना के एक जवान को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोलीबारी में तीन आतंकी मारे गए जिनके शव मुठभेड़ स्थल पर पाए गए हैं। मुठभेड़ रविवार की सुबह खत्म हुई। उन्होंने कहा कि आतंकियों और उनके गुट की पहचान की जा रही है। उनके पास से हथियार और गोलाबारूद बरामद हुआ है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘लोगों से मुठभेड़ स्थल की छानबीन होने और विस्फोटक हटाए जाने तक पुलिस के साथ सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।’ एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस बीच इलाके में युवाओं के गुटों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो गई। अधिकारियों ने एतहियाती कदम उठाते हुए शहर में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं।


Download Android App
Download iOS App




