जम्मू-कश्मीर में एनकाउंटर के दौरान सेना ने 3 आतंकियों को मार गिराया,एक जवान शहीद

Summary :

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के जदूरा गांव में सुरक्षा बलों ने एनकाउंटर के दौरान 3 आतंकियों को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर में 24 घंटे में ये दूसरा एनकाउंटर शुरू है।

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के जदूरा गांव में सुरक्षा बलों ने एनकाउंटर के दौरान 3 आतंकियों को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर में 24 घंटे में ये दूसरा एनकाउंटर शुरू है। इसी दौरान एक जवान भी शहीद हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह, राष्ट्रीय राइफल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने पुलवामा के जदूरा में कल देर रात तलाश अभियान शुरू किया। 
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल के जवान जब लक्षित क्षेत्र की ओर आगे बढ़ रहे थे तभी वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने उन गोलियां चलाईं। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलीबारी की जिसके साथ ही मुठभेड़ शुरू हो गयी। उन्होंन बताया कि मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गये और एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है। सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किये गये हैं। अंतिम सूचना मिलने तक मुठभेड़ जारी थी।
इससे पहले शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए जबकि एक ने आत्मसमर्पण कर दिया। मारे गए आतंकवादियों में एक पुलिस का पूर्व जवान था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मारे गए आतंकवादियों में एक शकूर पार्रे जम्मू कश्मीर पुलिस का पूर्व जवान और अल-बद्र संगठन का जिला कमांडर था । एक अन्य आतंकवादी एक पंच की हत्या में भी शामिल था। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जिले के किलूरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वहां घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। 
उन्होंने बताया कि इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बल के तलाशी दल पर गोलियां चलायी और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। इस मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए। चारों शव मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए हैं। श्रीनगर स्थित रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी ने आत्मसमर्पण कर दिया। 
उन्होंने कहा, “एक आतंकवादी ने आत्मसमर्पण किया। दो एके राइफल और तीन पिस्तौल (मुठभेड़ स्थल से) बरामद किए गए।”हालांकि पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने पेशेवर रूख का प्रदर्शन करते हुए एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया जिसकी पहचान अवंतीपुरा निवासी शोएब अहमद भट्ट के रूप में की गयी है। मारे गए अन्य आतंकवादियों की पहचान सुहैल भट्ट, जुबैर नेंगरू और शाकिर-उल-जब्बार के रूप में की गई है। 
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पार्रे 2014 में जिला पुलिस कुलगाम में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के रूप में शामिल हुआ था। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बाद में उसे पुलिस विभाग में कांस्टेबल के रूप में शामिल कर लिया गया। उन्होंने बताया कि बाद में पार्रे पुलिस की चार राइफलें लेकर आतंकवादी संगठन में शामिल हो गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मारे गए सभी आतंकवादियों लंबा आतंकी अपराध रिकॉर्ड था। 
इस बीच पुलिस ने 10 दिन पहले लापता हुए पंच का शव शुक्रवार को शोपियां जिले से बरामद किया। पुलिस ने बताया कि शोपियां के ग्राम डांगम के स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के एक बाग में एक शव है। मृतक की पहचान निसार अहमद भट्ट (45) के रूप में हुयी जो भाजपा से जुड़े पंच थे और 19 अगस्त से लापता थे। 

Desk Team