हुर्रियत कांफ्रेंस के नरमपंथी धड़े के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने बुधवार को उम्मीद जताई कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक समस्या के समाधान के लिए कदम उठाएगी। जामिया मस्जिद में ईद के मौके पर सभा को संबोधित करते हुए मीरवाइज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दिल्ली में सरकार मूल राजनीतिक समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी और अनिश्चितता को खत्म करेगी।
अलगाववादी नेता ने भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता बहाली के लिए भी प्रार्थना की। मीरवाइज ने कहा, “विश्वास बहाली के उपाय शुरुआती कदम हो सकते हैं जो सभी मुद्दों के आसान हल का मार्ग प्रशस्त करेंगे जिसमें लंबे समय से चला आ रहा कश्मीर का मुद्दा भी शामिल है।” यात्रा और व्यापार के लिए परंपरागत मार्ग को खोलने की मांग करते हुए मीरवाइज ने कहा कि विभाजित जम्मू-कश्मीर के सभी नैसर्गिक मार्गों को खोला जाना चाहिए ताकि लोग अपने प्रियजनों से जुड़ सकें।


Download Android App
Download iOS App



