जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में तैनात सीआरपीएफ के एएसआई ने बुधवार को सरकारी राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बताया कि 52 वर्षीय अमृत भारद्वाज 33वीं बटालियन में तैनात थे और रात की ड्यूटी करने के बाद कोटली स्थित पुलिस परिसर में बने बैरक में लौटने के तुरंत बाद खुद को गोली मार ली।
भदरवाह के पुलिस अधीक्षक राज सिंह गौरिया ने बताया, ‘‘घटना सुबह करीब सात बजकर 30 मिनट पर हुई और एएसआई को तुंरत उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’ उन्होंने बताया कि भदरवाह थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा कर शव सीआरपीएफ को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि तत्काल आत्महत्या की वजह पता नहीं चली है। अधिकारियों ने बताया कि भारद्वाज मूल रूप से असम के भरलीपुर गांव के रहने वाले थे।


Download Android App
Download iOS App



