जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के क्षत – विक्षत शवों की सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही ‘फर्जी तस्वीरों’ के खिलाफ सीआरपीएफ ने रविवार को लोगों को आगाह किया।
बृहस्पतिवार को हुए इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए। सीआरपीएफ ने कहा, ‘‘ यह संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर कुछ शरारती तत्व हमारे शहीदों के क्षत – विक्षत शवों की फर्जी तस्वीरें नफरत पैदा करने के लिए साझा कर रहे हैं, जबकि हम एकजुट हैं।”
सीआरपीएफ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल सीआरपीएफइंडिया पर कहा, ‘‘ कृपया इस तरह की तस्वीरें और पोस्ट सर्कुलेट/शेयर/लाइक न करें।”
पुलवामा आतंकी हमले पर पाकिस्तान बोला – जैश के खिलाफ प्रतिबंधों पर अमल का दायित्व निभा रहा है
सुरक्षाबल ने इस तरह की किसी भी विषय-वस्तु की सूचना‘‘वेबपीआरओऐटसीआरपीएफडॉटजीओवीडॉटइन’’ पर देने को कहा है।
अधिकारियों ने बताया कि क्षत विक्षत शवों की तस्वीरें साझा की जा रही है और इस बारे में सुरक्षाबल को जानकारी मिली है, इसके बाद यह परामर्श जारी किया गया।
वहीं सुरक्षाबल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ कश्मीर के छात्रों की प्रताड़ना की कुछ फर्जी खबरें सोशल मीडिया पर शरारती तत्व साझा कर रहे हैं। सीआरपीएफ हेल्पलाइन ने शिकायतों की जांच की और उन्हें गलत पाया।”


Download Android App
Download iOS App



