जम्मू एवं कश्मीर के शोपियां के बोना बाज़ार क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। बता दें कि शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार देर रात घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार सुबह यह जानकारी दी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने कल देर रात शोपियां जिले के बोना बाजार में संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया। इलाके से बाहर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है और सुरक्षा बल के जवान घर-घर तलाशी ले रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि अभी तक सुरक्षाबलों का आतंकवादियों से आमना-सामना नहीं हुआ है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था। मुख्य शहर में किसी भी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों और राज्य पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से रोकने के लिए एहतियातन इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी है।