श्रीनगर के लाल चौक पर स्थित प्रसिद्ध घंटाघर को 75वें स्वंतत्रता दिवस के मौके पर जगमग रोशनी वाले तिरंगे से सजाया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम ने घंटाघर को तिरंगे की रोशनी से जगमग किया है। नगर निकाय ने टावर में नयी घड़ियां भी लगाई हैं।
श्रीनगर हवाई अड्डे सहित शहर और घाटी में कई प्रमुख इमारतों को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रोशनी से सजाया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि हवाई अड्डे के प्रवेश द्वार को पर्यावरण के अनुकूल सामग्री जैसे चावल के दाने, मेवा, पत्ते, कपास, चूरा और फूलों की पंखुड़ियों से तैयार रंगोली से सजाया गया है।
इस बीच, अधिकारियों ने कहा कि रविवार को यहां हरि पर्वत किले में जम्मू-कश्मीर के सबसे ऊंचे राष्ट्रध्वज में एक को स्थापित किया जाएगा।