कांग्रेस ने कई प्रमुख देशों के राजनयिकों के जम्मू-कश्मीर दौरे को लेकर बृहस्पतिवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘गाइडेड टूर’ बंद होना चाहिए और केंद्रशासित प्रदेश में सार्थक राजनीतिक गतिविधि आरंभ करनी चाहिए। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा, ‘‘हमारी आपत्ति राजनयिकों के इस दौरे के विषय में नहीं है। हमारी आपत्ति यह है कि जब हमारे नेता और सांसद जम्मू-कश्मीर में नहीं जा सकते तो फिर दूसरे देशों के राजदूतों को ले जाने का क्या मतलब है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद को जम्मू-कश्मीर जाने के लिए उच्चतम न्यायालय जाना पड़ता है। जब संसदीय प्रतिनिधिमंडल नहीं जा सकता, विपक्ष के नेता नहीं जा सकते, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नहीं जा सकते तो ऐसे में दूसरे देशों के राजनयिकों को वहां ले जाया गया है। ये बिल्कुल दोहरे मापदंड हैं।’’
रमेश ने कहा, ‘‘ जल्द से जल्द से वहां लोगों को जाने दिया जाए। आने-जाने पर कोई रोक नहीं होनी चाहिए। गाइडेड टूर बंद होना चाहिए। सरकार से हमारी मांग है कि जल्द से जल्द सार्थक राजनीतिक आरंभ हो। राजनीतिक पर्यटन नहीं हो।’’ गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापस लेने के बाद भारत में अमेरिका के राजदूत केनेथ आई जस्टर समेत 16 देशों के राजनयिक मौजूदा स्थिति का मुआयना करने बृहस्पतिवार को श्रीनगर पहुंचे।
यह दौरा कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के दुष्प्रचार को गलत साबित करने की सरकार के कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा है। ये राजनयिक उपराज्यपाल जी. सी. मुर्मू और नागरिक समूहों के सदस्यों के साथ भी मुलाकात करेंगे। राजनयिकों के इस प्रतिनिधिमंडल में अमेरिका के अलावा बांग्लादेश, वियतनाम, नॉर्वे, मालदीव, दक्षिण कोरिया, मोरक्को और नाइजीरिया के राजनयिक भी शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



