पाकिस्तान ने राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में आज तड़के लगभग 8.15 बजे मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी के साथ युद्धविराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है। रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने मीडिया को बताया, ‘सुबह 8.15 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के नौशेरा सेक्टर में मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की।
हमारे जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।’ रिपोर्ट्स के अनुसार, क्षेत्र में अभी भी रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। वहीं कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ घेराबंदी एवं तलाश अभियान चलाया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राइफल्स के जवान, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कुलगाम के बुगाम में आज सुबह घेराबंदी एवं तलाश अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि बाहर निकलने के सभी रास्ते बंद कर दिये गये हैं और घर-घर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक यह अभियान जारी रहा। अब तक सुरक्षा बलों का आतंकवादियों से सामना नहीं हुआ। इस बीच घेराबंदी वाले क्षेत्र के चारों ओर अतिरिक्त सुरक्षा बल तथा पुलिसकर्मी तैनात किये गये है ताकि किसी भी तरह के प्रदर्शन को रोका जा सके।