भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी बलों द्वारा दागे गए मोर्टार के तीन गोलों को निष्क्रिय कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सेना के इंजीनियरों ने मोर्टार के गोले सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करके पुंछ जिले के करमारा गांव में दुर्घटना को टाल दिया। पाकिस्तान पिछले एक महीने से अधिक समय से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास मोर्टार के गोले दाग रहा है।
पाकिस्तानी की ओर किए जा रहे सीजफायर उल्लंघन के बदले भारतीय सेना की जवाबी कार्यवाई से पाकिस्तानी सेना पूरी तरह से बौखलाई हुई है। भारतीय सेना ने रविवार को पाकिस्तान की बिना उकसावे की गोलीबारी के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नीलम घाटी में चार आतंकी शिविरों और पाकिस्तानी सेना के कई ठिकानों पर भारी गोलाबारी की थी। इसमें उनके छह से दस जवान और इतने ही आतंकवादी मारे गए थे।
पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को आतंकवादियों को घुसपैठ कराने के लिए जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर तंगधार सेक्टर में गोलीबारी की थी जिसमें भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए थे और एक नागरिक भी मारा गया था। इसमें तीन अन्य लोग भी घायल हो गए थे।