कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने रविवार को 2020 के लिए हाल ही में जारी सरकारी अवकाशों की सूची के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए इसमें अंतिम डोगरा शासक महाराजा हरि सिंह की जयंती को शामिल करने की मांग की।
तावी पुल के पास हरि सिंह के स्मारक के सामने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक समूह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी ए मीर के नेतृत्व में भाजपा तथा स्थानीय प्रशासन के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने छुट्टियों की सूची में अंतिम डोगरा शासक की जयंती को शामिल करने की जम्मू क्षेत्र की लंबे समय से जारी मांग की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
नेशनल पैंथर्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष हर्षदेव सिंह ने अपने समर्थकों और कई सामाजिक तथा सांस्कृतिक संगठनों के साथ प्रदर्शन में कांग्रेस का साथ दिया।
शुक्रवार को जारी एक सरकारी आदेश के अनुसार 2020 में केंद्रशासित जम्मू कश्मीर में कुल 27 सरकारी अवकाश होंगे जबकि पिछले सरकारी कलैंडर में 28 छुट्टियां थीं।
इस सूची में से 13 जुलाई को शहीदी दिवस तथा 5 दिसंबर को पूर्व मुख्यमंत्री शेख अब्दुल्ला की जयंती को हटाया गया है तथा 26 अक्टूबर को एकीकरण दिवस के रूप में नयी सूची में शामिल किया गया है।
कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने कलैंडर में तत्काल बदलाव करने और 23 सितंबर को महाराजा की जयंती पर छुट्टी घोषित करने की मांग की है।