जम्मू-कश्मीर : बड़गाम में 2 आतंकवादी ढेर, मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद

Summary :

सूत्रों ने बताया कि किसी भी तरह की अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर सभी सेलुलर कंपनियों की इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है।

मध्य कश्मीर के बड़गाम जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में दो आतंकवादी मारे गए और एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बड़गाम में हापातनार, चरारे शरीफ में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष दस्ते ने एक खोजी अभियान शुरू किया।

सुरक्षा बल जब क्षेत्र विशेष की तरफ बढ़ रहे थे तो वहां छिपे आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और इस दौरान दो आतंकवादियों के मारे जाने की रिपोर्ट है। सूत्रों ने बताया कि मुठभेड अभी भी जारी है और वहां एक अन्य आतंकवादी के छिपे होने की जानकारी है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सुबह से ही इस क्षेत्र में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनाई पड़ रही थी। सूत्रों ने बताया कि किसी भी तरह की अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर सभी सेलुलर कंपनियों की इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है। स्थानीय लोगों की तरफ से पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकेने के लिए मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेजा गया है।

Desk Team