जेकेएनपीपी ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों को शीघ्र निर्वासित करने के लिए दबाव बनाने के अपने अभियान के तहत आज यहां प्रदर्शन किया।
पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हर्ष देव सिंह के नेतृत्व में जेकेएनपीपी कार्यकर्ताओं ने एग्जीबिशन मैदान में प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ और अपनी मांग के समर्थन में नारे लगाए।
सिंह ने राज्य सरकार पर जम्मू में अवैध रूप से बसे विदेशियों को निर्वासित करने के लिए गंभीर कोशिश नहीं करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि वे लोग क्षेत्र के सांप्रदायिक सौहार्द्र और संस्कृति के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।
उन्होंने दावा किया कि अवैध विदेशी प्रवासी जम्मू क्षेत्र की जनसांख्यिकी को खतरा पैदा कर रहे हैं जो भाजपा शासन के तहत बढ़ा है। हजारों की संख्या में रोहिंग्या जम्मू और सांबा जिलों में शिविरों में रखे गए हैं।
सिंह ने कहा कि इन लोगों ने जम्मू शहर में अवैध झुग्गी झोपड़ी बना ली है। इन लोगों ने स्थायी आवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, मुफ्त पानी और बिजली कनेक्शन हासिल कर लिया है। उन्होंने इन प्रवासियों पर मादक पदार्थो की तस्करी, मानव तस्करी, बच्चों का अपहरण और सीमा पार करने की गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा इन लोगों को जैश ए मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठनों का भी संरक्षण प्राप्त है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।