जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति को ‘नियंत्रण में’ बताते हुए सेना ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान घाटी में आतंकियों को घुसपैठ कराने और मादक द्रव्य कारोबार को बढ़ावा देने का प्रयास करते हुए नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारत विरोधी गतिविधियां जारी रखे हुए है। उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा कि इस साल राज्य में 86 आतंकी मारे गए। उन्होंने कहा कि आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने एक सवाल पर पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति नियंत्रण में है।’’ उन्होंने कहा कि सीमा के पार आतंकी ढांचा बरकरार है और पाकिस्तान, भारत विरोधी अपनी गतिविधियों में जुटा हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘संघर्ष विराम उल्लंघन, सीमा पार से घुसपैठ, मादक द्रव्य की तस्करी, जाली मुद्रा के प्रसार का मुद्दा हो, पाकिस्तान, खासकर भारत विरोधी अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए है।’’ लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने कहा, ‘‘लेकिन, मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि ऐसी हर कोशिश को हम नाकाम करने का प्रयास करेंगे और पाकिस्तान अपने नापाक इरादे में सफल नहीं होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



