महबूबा ने राष्ट्रवादी मुखौटा पहन कर देश को छला, चले देशद्रोह का मुकदमा : भाजपा 

Summary :

जम्मू : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई ने महबूबा मुफ्ती पर बतौर मुख्यमंत्री राष्ट्र विरोधी गतिविधियां करने और राज्य में पाकिस्तान के पक्ष

जम्मू : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई ने महबूबा मुफ्ती पर बतौर मुख्यमंत्री राष्ट्र विरोधी गतिविधियां करने और राज्य में पाकिस्तान के पक्ष में एजेंडा चलाने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया। पार्टी ने मांग की उनकी जांच की जाए और उनपर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाए। भाजपा प्रवक्ता ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनिल गुप्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए मुफ्ती ने जम्मू में विभाजनकारी एवं सांप्रदायिक राजनीति की और कश्मीर में अलगाववादियों के एजेंडे को आगे बढ़ाया। गुप्ता की पार्टी महबूबा सरकार में सहयोगी थी।

उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया, “इसी कारण से उन्होंने गृह विभाग का प्रभार भी अपने पास ही रखा था और राज्य के आतंकवाद से प्रभावित होने के बावजूद एक भी राज्य मंत्री नहीं था।” गुप्ता ने कहा, “वह राष्ट्रवादी होने का मुखौटा पहने हुई थी और सरकार में सबसे ऊंची कुर्सी पर आसीन थी लेकिन असल में उन्होंने राष्ट्र विरोधी गतिविधियां कर एवं राष्ट्र हित के साथ समझौता कर देश के साथ छल किया।” साथ ही उन्होंने कहा कि जब यह साफ-साफ समझ में आ गया कि वह “दोतरफा खेल” खेल रही हैं तो भाजपा को गठबंधन से समर्थन वापस लेकर उनका साथ छोड़ने में क्षण भर भी समय नहीं लगा।

Desk Team