श्रीनगर : नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के लोगों से लोकसभा चुनाव में ऐसे उम्मीदवारों को चुनने का अनुरोध किया, जो यह सुनिश्चित करें कि देश की संसद में उनकी आवाज सुनी जाएगी। अब्दुल्ला ने घाटी के विभिन्न हिस्सों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘अब लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और नेकां पूरी तरह से तैयार है। राज्य के लोग संसद में अपनी आकांक्षाओं के प्रतिनिधित्व के लिए एक विश्वसनीय आवाज चाहते हैं। जम्मू कश्मीर के सभी क्षेत्रों की एकमात्र विश्वसनीय आवाज हमारी पार्टी ही है।’’
श्रीनगर से लोकसभा सदस्य अब्दुल्ला ने पीडीपी पर हमला करते हुए कहा कि इसने राज्य के लोगों के लिए अनगिनत मुसीबतें खड़ी की हैं।जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विरोधी अपने प्रचार अभियान की परवाह नहीं करते हुए पीडीपी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद राजनीतिक अवसरवादिता का परिचय देते हुए भाजपा से हाथ मिला लिया। उन्होंने कहा कि पीडीपी और उसके नेतृत्व द्वारा निभाई गई विश्वासघाती भूमिका सबके सामने है। मुफ्ती मोहम्मद सईद (पीडीपी संस्थापक) ने हमारे राज्य का दर्जा नष्ट करने में अहम भूमिका निभाई।
अब्दुल्ला ने कहा कि 2014 में सईद ने उस पार्टी से हाथ मिला लिया जो खुलेआम भारत में अल्पसंख्यकों को धमकी देती है। अब यह लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि वे राज्य के विशेष दर्जा का विरोध करने वाली ताकतों को चुनते हैं या फिर उन्हें, जिन्होंने हमारे राज्य की अनोखी पहचान के संरक्षण के लिए बलिदान दिए हैं। नेकां प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा-पीडीपी शासन के दौरान राज्य में संस्थाओं का क्षरण हुआ। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पीडीपी ने हमारे राज्य में जीएसटी लागू करा कर भी हमारी वित्तीय स्वायत्तता को भी तार-तार कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



