जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आज राज्य पुलिस से कहा कि नवनियुक्त वार्ताकार के जरिए सतत वार्ता के लिए केंद्र की पहल की कामयाबी सुनिश्चित करने की खातिर वे सकारात्मक भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने यहां पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में 696 कांस्टेबलों के पासिंग आउट परेड के मौके पर एक संबोधन में कहा कि पुलिस ने वार्ता के लिए अनुकूल माहौल बनाने में अहम भूमिका निभायी है। केंद्र ने सोमवार को खुफिया विभाग के पूर्व प्रमुख दिनेश्वर शर्मा को विशेष वार्ताकार नियुक्त किया था।
उन्होंने कहा कि इस सुलह कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस की सर्वाधिक अहम भूमिका थी। महबूबा ने कहा, आप आतंकवाद और आतंकवादियों से लडेंगे, लेकिन अगर आपको आतंकवाद को समाप्त करना हे तो आपको जम्मू कश्मीर की स्थिति में काफी सकारात्मक भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वार्ताकार नियुक्त कर बल्कि उन्हें कैबिनेट सचिव का दर्जा देकर एक बड़ कदम उठाया है। ऐसा अब तक नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा, कई वार्ताकार यहां आए और बातचीत प्रक्रिया शुरू की, लेकिन सरकार ने कभी भी किसी को यह दर्जा नहीं दिया..1 वे (सरकार) जम्मू कश्मीर के लोगों को इस दलदल से बाहर निकालना चाहते हैं और इसीलिए बातचीत की खातिर दरवाजे खोले गए हैं। यहां, यह उल्लेख किया जा सकता है कि अटल बिहारी वाजपेयी नीत राजग सरकार ने योजना आयोग के तत्कालीन उपाध्यक्ष के सी पंत को पहली बार कश्मीर पर वार्ताकार नियुक्त किया था और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया था।