आतंकी संगठन जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ NIA की बड़ी कार्रवाई, टेरर फंडिंग केस में 45 ठिकानों पर की छापेमारी

Summary :

जम्मू-कश्मीर में टेरर फंडिंग केस में रविवार को यानी आज बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 14 जिलों में 45 ठिकानों पर छापेमारी की।

जम्मू-कश्मीर में टेरर फंडिंग केस में रविवार को यानी आज बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 14 जिलों में 45 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच से जुड़े एनआईए के एक अधिकारी ने कहा कि एजेंसी सीआरपीएफ के साथ मिलकर कई जिलों में कुछ जगहों पर तलाशी कर रही है। हालांकि, अभी अधिकारी मामले की जानकारी साझा करने पर चुप्पी साधे हुए हैं। एजेंसी के एक सूत्र ने बताया कि आतंकवाद निरोधी जांच एजेंसी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-ए-इस्लामी के वरिष्ठ सदस्यों से जुड़े परिसरों की तलाशी ले रही है।
सूत्र ने कहा कि कम से कम 40 स्थानों पर तलाशी चल रही है। सूत्र ने बताया कि डोडा, बडगाम, किश्तवाड़, रामबन, अनंतनाग, गांदरबल, शोपियां, राजौरी और केंद्र शासित प्रदेश के अन्य जिलों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सूत्र ने बताया कि मणिगाम गांदरबल निवासी गुल मोहम्मद वार के परिसरों में तलाशी ली जा रही है, जो जेईआई के जिला प्रमुख हैं। इसके अलावा गमचीपोरा बटवीना निवासी अब्दुल हमीद भट, जहूर अहमद रेशी, जेईआई सदस्य और पूर्व शिक्षक और सफापोरा में मेहराजदीन रेशी के परिसर में तलाशी ली जा रही है।
रेशी एक पूर्व आतंकवादी है और अब एक दुकान चलाता है। हाल के दिनों में एनआईए ने दो अलग-अलग मामलों में कई अलग जगहों पर तलाशी ली है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। फिर बता दें कि श्रीनगर, बडगाम, गंदेरबल, बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपुरा, अनंतनाग, शोपियां, पुलवामा, कुलगाम, रामबन, डोडा, किश्तवाड़ और राजौरी जिलों में एनआईए द्वारा छापेमारी की गयी। इससे पहले 31 जुलाई को भी एनआईए ने जम्मू-कश्मीर में 14 ठिकानों पर आईडी रिकवरी और लश्कर-ए-मुस्तफा के टॉप कमांडर हिदायतुल्लाह मलिक से जुड़े मामले में छापेमारी की थी।

Desk Team