श्रीनगर : नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने पुलवामा हमले के बाद कश्मीरियों के साथ कथित रूप से हो रही मारपीट की निंदा संबंधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का शनिवार को स्वागत किया। फारूक अब्दुल्ला ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘इस बयान से देश को लोगों को शांत करने में मदद मिलेगी। वैसे तो उन्हें देशभर में कश्मीरियों के विरूद्ध हो रही हिंसा के खिलाफ सामने आने में लंबा समय लग गया। लेकिन हम बयान का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि इस संबंध में जरूरी कदम उठाये जाएंगे।’’ श्रीनगर के सांसद ने कहा, ‘‘शब्द काफी नहीं है।
प्रधानमंत्री को यह सुनिश्चित करना होगा कि कश्मीरियों को निशाना नहीं बनाने के उनके निर्देश का जमीनी स्तर पर अक्षरश: पालन किया जाए। ’’ नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि शायद यह पहली बार हुआ है कि कश्मीरियों को निशाना बनाये जाने के विरूद्ध भाजपा की ओर से इतना बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा, ‘‘अब चूंकि यह (बयान) प्रधानंमत्री की ओर से आया है, ऐसे में हम इस उम्मीद के साथ इसका स्वागत करते हैं कि इससे देश में स्थिति शांति करने में मदद मिलेगी।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मोदी को यह भी देखना चाहिए कि कश्मीर विरोधी बयान उन लोगों की तरफ से भी आया जो संवैधानिक पदों पर हैं, उन्हें (प्रधानमंत्री को) देश के व्यापक हित में उन्हें फटकार लगानी चाहिए। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर प्रधानमंत्री को कश्मीरियों पर हमले के खिलाफ चुप्पी तोड़ने पर धन्यवाद दिया था और उम्मीद जतायी था कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृति नहीं होगी। अब्दुल्ला ने ट्वीट किया था, ‘‘नरेंद्र मोदी साहब, आपको धन्यवाद। आज आपने हमारे दिल की बात कह दी।
राजस्थान के टोंक में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी लड़ाई कश्मीरियों के खिलाफ नहीं है।’’ नेशनल कांफ्रेंस के नेता ने कहा, ‘‘पुलवामा हमला हुए हफ्ते भर से भी ज्यादा समय हो गया और एक सप्ताह से भी अधिक समय से कश्मीरी जनाक्रोश का सामना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहब ने इस संबंध में अपनी बात कही, शायद अंतत:, कश्मीरियों को निशाना बनाने वाली ताकतें अब अपने हमले बंद कर देंगी।


Download Android App
Download iOS App



