जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगे सीमावर्ती गांवों में बुधवार तड़के पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से अकारण की गई गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई और दो नागरिक घायल हो गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के बालाकोट और मेंधर सेक्टर में अकारण संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए रात के करीब 2 बजे छोटे हथियारों गोलाबारी की और मोर्टार से गोले भी दागे।
उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी करीब 3 बजे रुकी। सूत्रों ने बताया कि सीमापार से हुई गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गयी और दो नागरिक घायल हो गए। पुलिस के अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें एक नागरिक की मौत हुई और दो अन्य घायल हो गए।
मृतक महिला की पहचान लांजोते निवासी मोहम्मद आजम की पत्नी रशाम बी के रूप में और अस्पताल में घायल महिला की पहचान लांजोते निवासी मोहम्मद शरीफ की पत्नी हाकम बी (58) के रूप में की गयी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कश्मीर घाटी में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर रक्षा चौकियों और आम क्षेत्रों को अपना निशाना बनाने वाले पाकिस्तानी बलों के संघर्ष विराम उल्लंघन में वृद्धि आई है।