पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बृहस्पतिवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी फौजियों ने नियंत्रण रेखा पर दो सेक्टरों में गोलाबारी की।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हीरानगर सेक्टर में छोटे हथियारों से भी कुछ गोलियां चलाई हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘‘ आज रात करीब आठ बजे, पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के शाहपुर और केरनी सेक्टरों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी कर तथा मोर्टार दागकर संघर्षविराम का उल्लंघन किया।’’
उन्होंने बताया कि भारतीय सेना उचित जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि मामले की अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।