भारत समेत पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना महामारी के संकट से गुजर रही है। मगर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को एक बार फिर भारत-पाक अंरतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जम्मू-कश्मीर में कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप अग्रिम चौकियों एवं गांवों पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने गोलीबारी की और संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि करोल अग्रिम सीमा चौकी इलाके में सीमापार से रात दस बजकर 50 मिनट पर गोलीबारी होने लगी जिसका सीमा सुरक्षा बल ने मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रात भर गोलीबारी चलती रही जो सुबह करीब साढ़े चार बजे समाप्त हुई। अधिकारी के अनुसार पाकिस्तानी गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उन्होंने बताया कि इसी बीच, भारतीय सेना ने राजौरी जिले के कलाल क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के समीप एक मोर्टार गोले को निष्क्रिय कर दिया जिसे संघर्षविराम उल्लंघन के दौरान पाकिस्तान ने दागा था लेकिन वह फटा नहीं था। अधिकारियों के अनुसार यह गोला खुले क्षेत्र में नजर आया और बाद में उसे सेना के बम निष्क्रिय दस्ते ने निष्क्रिय किया।
बता दें, मंगलवार यानी आज सुबह ही जम्मू-कश्मीर के आवंतीपोरा में सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने पुलवामा जिले के सोयमोइह गांव में आतंकवादियों के छुपे होने की खुफिया जानकारी मिलने पर तड़के करीब तीन बजे संयुक्त अभियान चलाया।