जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगे गांवों और अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान की सेना ने मोर्टार के गोले दागकर संघर्षविराम का उल्लंघन किया, जिसमें तीन जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से रविवार रात मोर्टार के गोले दागे जाने की घटना के दौरान सेना के तीन जवान घायल हो गए।
एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने रविवार देर रात करीब साढ़े दस बजे मेंधर सेक्टर के बालाकोट क्षेत्र में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू की और मोर्टार के गोले दागे। भारतीय सेना के जवानों ने इसका माकूल जवाब दिया।
सत्यपाल मलिक ने आतंकवादियों को ‘पाकिस्तान के खरीदे हुए लड़के’ बताया
अधिकारियों ने बताया कि सेना का एक दल नियंत्रण रेखा पर सतर्क बैठा था, उसी दौरान उनके निकट मोर्टार के गोलों से विस्फोट हुआ जिससे तीन सैनिक घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
आपको बता दें कि विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इस साल अब तक पाकिस्तान ने बिना उकसावे के 2,050 बार संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया जिसमें 21 भारतीयों की मौत हुई है।