कश्मीर घाटी में सुरक्षा कारणों से आज एक बार फिर रेल सेवा स्थगित कर दी गयी। एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने बताया कि सोपोर में कल लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादियों के मारे जाने के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन की वजह से एहतियातन सुरक्षा कारणों से घाटी में रेल सेवा स्थगित कर दी गयी है।
उन्होंने बताया कि मध्य कश्मीर में बडगाम-श्रीनगर से दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग और जम्मू क्षेत्र में बनिहाल तक रेल सेवा स्थगित कर दी गयी है। उसी तरह मध्य कश्मीर में बडगाम और उत्तरी कश्मीर के बारामूला तक सुरक्षा कारणों से रेल सेवा स्थगित कर दी गयी है।
उन्होंने बताया कि हमने सुरक्षा कारणों से प्रशासन एवं पुलिस से निर्देश मिलने के बाद कश्मीर घाटी में रेल सेवा स्थगित करने का फैसला किया है।
वही रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेना का एक जवान चट्टान गिरने की वजह से जख्मी हो गया।
अधिकारियों ने कहा कि रामसू के गंगरू इलाके में पर्वत पर से नायब सुबेदार निर्मल सिंह पर चट्टान गिर पड़ी। उन्होंने कहा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।