नयी दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बस दुर्घटना में 16 अमरनाथ यात्रियों की मौत होने के बाद आज जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को बस दुर्घटना और जारी बचाव अभियान के बारे में अवगत कराया। यह दुर्घटना जम्मू कश्मीर के रामबन में हुई। महबूबा ने सिंह को बताया कि घायलों को इलाज के लिए हवाई मार्ग से जम्मू ले जाया जा रहा। सरकार ने बस में सफर कर रहे तीर्थयात्रियों के बारे में जांच के लिए एक हेल्पलाइन स्थापित की है। हेल्पलाइन नंबर 09।2560401 और 019।2542000 है।
गृह मंत्री ने राज्यपाल से भी टेलीफोन पर बात की, जो दुर्घटना स्थल पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि वोहरा ने भी उन्हें हालात से अवगत कराया। गृह मंत्री ने ट्वीट किया, बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले अमरनाथ यात्रियों के परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के पीड़ित अलग – अलग राज्यों से हैं। गौरतलब है कि आज दोपहर बाद जम्मू – श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से एक बस फिसल कर एक गहरे नाले में गिर गई जिससे उसमें सवार कम से कम 16 अमरनाथ यात्रियों की मौत हो गई जबकि करीब 30 अन्य घायल हो गए।