सैलानियों के लिए आज से जम्मू-कश्मीर खुल रहा है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाने से पहले पर्यटकों को कश्मीर घाटी छोड़ने की एडवाइजरी वापस ले ली है। जिसके मुताबिक जम्मू-कश्मीर में आने वाले पर्यटकों सभी आवश्यक और सैन्य सहायता प्रदान की जाएगी। नई व्यवस्था आज से प्रभावी होगी। यानी आज से पर्यटक कश्मीर की वादियों में सैर करने जा सकते हैं।
करीब 70 दिन के बाद इस एडवाइज़री को वापस ले लिया गया है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बीते सोमवार को राज्य के हालात और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के दौरान एडवाइजरी वापस लेने की हिदायत दी थी। गौरतलब है की दो अगस्त को राज्य के गृह विभाग की ओर से बड़े आतंकी हमले की आशंका पर एडवाइजरी जारी कर पर्यटकों और अमरनाथ यात्रियों को तत्काल घाटी से लौटने के लिए कहा गया था।
राजभवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले छह सप्ताह में ही घाटी के ज्यादातर इलाकों से पाबंदियां हटा ली गई हैं। हालांकि घाटी के हालत अभी भी पूरी तरह से सामान्य नहीं हो रहा है। प्रशासन की और से प्रयास जारी है। बुधवार को घाटी में कालेज खोलने के प्रयास नाकाम रहे क्योंकि छात्र कक्षाओं में नहीं पहुंचे थे।
जम्मू-कश्मीर से पांच अगस्त को विशेष दर्जा वापस लिये जाने के फैसले के बाद से घाटी में जनजीवन बाधित है। कश्मीर के मंडल आयुक्त बशीर खान ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि कश्मीर में तीन अक्टूबर को स्कूल और नौ अक्टूबर को कॉलेज फिर से खोल दिये जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि कॉलेजों में कर्मचारी तो पहुंचे लेकिन छात्र नहीं।


Download Android App
Download iOS App



