जम्मू : जम्मू-कश्मीर आगामी अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की सोमवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में समीक्षा की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक जुलाई से 46 दिन की सालाना अमरनाथ तीर्थ यात्रा अनंतनाग में पहलगाम के रास्ते और गंदेरबाल में बालटाल के रास्ते शुरू होगी। पवित्र अमरनाथ गुफा दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
अधिकारी ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता मुख्य गृह सचिव शालीन काबरा ने की जिसमें जम्मू के संभागीय आयुक्त संजीव वर्मा, आईजीपी एम के सिन्हा, आईजी यातायात आलोक कुमार, आईजी सीआरपीएफ ए वी चौहान और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
संभागीय आयुक्त ने निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से किए गए इंतजाम के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी।
आयुक्त को उपलब्ध कराई गई एसआरटीसी बसों की संख्या, कठुआ, सांबा, जम्मू, ऊधमपुर और रामबन जिलों में स्थापित विश्राम केंद्र लंगर स्थल, विश्राम स्थल, श्रद्धालुओं के ठहरने की जगहों और अन्य संबंधित तैयारियों के बारे में बताया गया।
आईजी यातायात ने राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति और श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई यातायात योजना के बारे में बताया। जम्मू के आईजीपी ने यात्रा के लिए किए गए सुरक्षा इंतजाम के बारे में जानकारी दी।


Download Android App
Download iOS App



