देश में ड्रोन आतंक का खतरा बड़ा होता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते देखे गए। यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी। अधिकारियों ने बताया कि ये ड्रोन गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे बारी-ब्राह्मण, चिलाद्या और गगवाल इलाकों में एक ही समय पर देखे गए।
ये ड्रोन ऐसे समय देखे गए हैं जब करीब एक हफ्ते पहले पुलिस ने यहां पास के सीमावर्ती कनचक इलाके में पांच किलोग्राम आईईडी सामग्री ले जा रहे एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया था। अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पाकिस्तान की ओर लौट रहे एक ड्रोन पर चिलाद्या में कुछ गोलियां चलायीं।
अधिकारियों ने कहा कि अन्य दो ड्रोन बारी ब्राह्मणा और गगवाल में जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर मंडराने के तुरंत बाद आसमान से गायब हो गए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अन्य सुरक्षा बलों के साथ घटनास्थल पर गहन तलाशी के लिए रवाना हो गई है।
बता दें कि 5 अगस्त और 15 अगस्त के मद्देनजर ड्रोन आतंक का खतरा बड़ा होता जा रहा है क्योंकि पाकिस्तान में लगातार इससे जुड़ी साजिशे रची जा रही हैं।पाकिस्तान की फौज, ISI और दहशगर्द मिलकर हिंदुस्तान के खिलाफ आतंक के नये हथियार ड्रोन को धार देने में जुटे हैं। दरअसल 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर में आर्टिकल 370 के खात्मे के दो साल पूरे हो रहे हैं और 15 अगस्त को भारत आजादी की 75वीं सालगिरह मनाएगा। वहीं 15 अगस्त पर आतंकी और ड्रोन के खतरे से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस और दूसरी फोर्स को स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



