जम्मू कश्मीर से ट्रेन एवं अंतर-राज्यीय बस सेवाओं को बहाल कर दिया गया है। बलात्कार के एक मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दोषी ठहराये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को ट्रेन एवं अंतर-राज्यीय बस सेवाओं को रद्द कर दिया गया था। हरियाणा के पंचकूला में सीबीआई अदालत द्वारा डेरा प्रमुख को दोषी करार दिये जाने के बाद व्यापक हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें 36 लोगों की मौत हो गयी थी और 250 से अधिक लोग घायल हो गये थे।
जम्मू तवी रेलवे स्टेशन और कटरा में श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन से कई ट्रेनों को एहतियातन रद्द कर दिया गया था, जिसके कारण श्रद्धालुओं समेत हजारों यात्री फंसे हुए थे।
शुक्रवार को श्री माता वैष्णो देवी स्टेशन से छह ट्रेन समेत 18 ट्रेनें रद्द कर दी गयी थीं जबकि 12 अन्य को कल रद्द किया गया था। जम्मू स्टेशन अधीक्षक अश्विनी कुमार शर्मा ने बताया, सुरक्षा मंजूरी के बाद कल रात साढ़े नौ बजे रेल सेवा बहाल कर दी गयी।
जम्मू स्टेशन से चार ट्रेनों का परिचालन हुआ जबकि दो अन्य कटरा से खुलीं और देर रात दो बजे तक परिचालन जारी रहा, जिससे लगभग सभी फंसे हुए यात्रियों के जाने का रास्ता साफ हो गया।
उन्होंने कहा कि विभिन्न गंतव्यों तक जाने वाली छह ट्रेनों का एक…एक घंटे के अंतराल पर परिचालन हुआ। शर्मा ने बताया, आज सुबह से सामान्य परिचालन जारी है। ऑल इंडिया स्लीपर कोचेज एसोसिएशन के प्रवक्ता ने बताया कि अंतर-राज्यीय बस सेवाएं भी बीती रात से आंशिक तौर पर बहाल कर दी गयीं। आज सुबह से सामान्य परिचालन बहाल हो गया।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली और चंडीगढ़ समेत विभिन्न गंतव्यों तक जाने वाली निजी बसें बीती रात को यहां से रवाना हुई।