छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा में शुक्रवार को सुबह करीब चार बचे मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि इस घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि, तड़के करीब चार बजकर पांच मिनट पर कामालूर और भांसी रेलवे स्टेशनों के मध्य मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतर गए। पल्लव ने बताया कि, पुलिस को जानकारी मिली है कि लौह अयस्क से लदी मालगाड़ी किरंदुल (दंतेवाड़ा) से विशाखापत्तनम की ओर जा रही थी।
घटना के पीछे माओवादियों का हाथ नहीं : पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस दुर्घटना के कारण जगदलपुर और किरंदुल के बीच ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई है। पुलिस ने घटना के पीछे माओवादियों की भूमिका से इनकार करते हुए कहा कि, अभी तक की जांच में जानकारी मिली है कि घटना तकनीकी कारणों से हुई है। उन्होंने बताया कि, घटनास्थल से नक्सलियों का कोई भी बैनर, पोस्टर बरामद नहीं हुआ है, वहीं क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की भी सूचना नहीं है। पल्लव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और रेल विभाग के कर्मचारी, अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे।
अधिकारी कर रहे हैं जांच
दंतेवाड़ा में हुई इस घटना में अब रेलवे लाइन पर रेलगाड़ियों की आवाजाही फिर से शुरू करने के लिए कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, रेल विभाग के अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही इस संबंध में सही जानकारी मिल सकेगी।