झारखंड राज्य के चाईबासा जिले में पुलिस और नक्सली के बीच बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुठभेड़ में पुलिस ने दो लाख के इनामी मंगरा लुगून नामक नक्सली को ढेर कर दिया है। मंगरा प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) से जुड़ा था और लंबे अरसे से चाईबासा, सरायकेला-खरसावां एवं खूंटी जिले में आतंक का पर्याय बना हुआ था। चाईबासा के एसपी अजय लिंडा ने मुठभेड़ में नक्सली के मारे जाने की पुष्टि की है।
पुलिस और सीआरपीएफ ने चलाया था अभियान
चाईबासा जिला अंतर्गत गोयलकेरा थाना क्षेत्र के सारोगाड़ा जंगल में नक्सलियों के दस्ते के जमा होने की सूचना के आधार पर सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चला रही थी तभी नक्सलियों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने भी मोर्चा संभालकर जवाबी फायरिंग की। रात डेढ़ बजे के आस-पास शुरू हुई मुठभेड़ सुबह तक जारी रही। सुबह जंगल में नक्सली की लाश बरामद की गयी, जिसकी पहचान प्रारंभिक तौर पर मंगरा लुगून के रूप में की गयी है। मंगरा लुगुन चाईबासा के पोड़ाहाट, गोयलकेरा सहित आस-पास के थाना क्षेत्रों में सक्रिय था। उसका आतंक ऐसा था कि पूरे इलाके में कोई भी निर्माण कार्य उसके दस्ते को लेवी दिये बगैर नहीं हो पाता था। वह ठेकेदारों और बालू घाट संचालकों से मोटी रकम वसूल करता था।
दो महीने में 60 नक्सली हो चुके हैं गिरफ्तार
मुठभेड़ में मार गए नक्सली के खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। बता दें कि, झारखंड पुलिस ने पिछले दो महीनों के दौरान नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में जबर्दस्त सफलताएं हासिल की हैं। इस दौरान पूरे राज्य में 60 से ज्यादा नक्सली गिरफ्तार किये हैं। दो दिन पहले खूंटी पुलिस ने पीएलएफआई के दो नक्सलियों संतोष लोमगा और कड़िया हपदगड़ा को गिरफ्तार किया था। इसके पहले गुमला में रायडीह थाना की पुलिस ने इसी संगठन के13 नक्सलियों को एरिया कमांडर अर्जुन यादव के साथ गिरफ्तार किया था।