गुजरात में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,379 नए मामलों की पुष्टि हुई है। जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,19,088 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान 14 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 3,273 हो चुकी है। विभिन्न अस्पतालों से 1,652 लोगों को छुट्टी दे दी गयी। राज्य में अब तक 99,808 लोग इस महामारी से स्वस्थ हो चुके हैं।
विभाग के अनुसार सूरत में 280 नए मामले सामने आए। अहमदाबाद में 171, राजकोट में 145, जामनगर में 129 और वडोदरा में 127 मामले सामने आए। राज्य में 16,007 मरीजों का उपचार चल रहा है। अहमदाबाद में संक्रमण के 171 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 34,408 हो गयी। शहर में चार और मरीजों की मौत हो जाने से यहां पर मृतकों की संख्या 1788 हो गयी।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस का विस्फोट जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा 51,18,253 तक पहुंच गया है और 83,198 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 40,25,079 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।