समूचे मेघालय में पिछले सात दिन से लगातार बारिश से राज्य की दो नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और इसकी वजह से वेस्ट गारो हिल्स जिले के मैदानी इलाकों में आयी बाढ़ के कारण कम से कम 1 लाख 14 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि देमदेमा प्रखंड में 50 गांवों के करीब 57,700 लोग और सेलसेला प्रखंड में 104 गांवों के करीब 66,400 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि असम से होकर आने वाली ब्रह्मपुत्र और जिनिराम दोनेां नदियों के जलस्तर बढ़ जाने से जिले के निचले इलाके जलमग्न हो गये हैं। इस बीच राज्य की राजधानी शिलांग के निचले इलाकों में भी बाढ़ का पानी भर गया है।
ईस्ट खासी हिल्स जिले के उपायुक्त एम डब्ल्यू नोंगबरी ने कहा, ‘‘शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है।’’ अधिकारी ने बताया कि मेघालय सरकार ने रविवार को पश्चिम गारो हिल्स जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिये सात दिन तक नि:शुल्क राहत की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। फुलबरी के विधायक एस. जी. इस्मतुर मोमिनीन ने कहा कि हम लगातार हालात पर नजर रखे हैं और अगर स्थिति बिगड़ी तो लोगों को उसकी सूचना दी जाएगी।