झारखंड में सीआरपीएफ के जवानों के बीच गोलीबारी में दो अधिकारियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना बोकारो में सुरक्षा बल की 226वीं बटालियन की ‘चार्ली’ कंपनी में सोमवार रात साढ़े नौ बजे की है।
इसमें सहायक कमांडेंट रैंक के एक अधिकारी और एक सहायक उप निरीक्षक की मौत हो गई और दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से एक जवान ने ही इस घटना को अंजाम दिया। सीआरपीएफ की यह इकाई राज्य में चुनावी ड्यूटी पर तैनात थी। झारखंड में दो चरण के चुनाव हो चुके हैं और तीन चरण के चुनाव अभी होने हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस दिल्ली में दिखाना चाहती है ताकत
घायल जवानों को राज्य की राजधानी लाया गया है। सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘इस घटना के पीछे क्या वजह रही यह अभी पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में जांच के आदेश दिए गए हैं।’’