कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित होने के संदेह में एक सरकारी अस्पताल में भर्ती नागपुर के चार लोग अधिकारियों को सूचित किए बगैर घर लौट गए। पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार की देर रात की है। पुलिस के अनुसार, बाद में चारों लोगों का पता लगा लिया गया और उन्हें अस्पताल लौटने के लिए कहा गया। उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी ने इस बारे में बताया, ‘‘दो महिलाओं समेत चार लोग कोरोना वायरस संक्रमण होने के संदेह में अपने खून का नमूना देने के लिए शुक्रवार सुबह इंदिरा गांधी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आए थे। उन्हें अलगाव वार्ड में रखा गया था। हालांकि रात को वे अधिकारियों को जानकारी दिए बगैर अस्पताल से चले गए।’’
ऋषिकेश में अमित शाह बोले- हमारा लक्ष्य है हर राज्य में हो AIIMS स्थापित
उन्होंने कहा, ‘‘हमने बाद में उनका पता लगा लिया और फोन पर उनसे संपर्क किया। उन्हें अस्पताल लौटने के लिए कहा गया है। उन्होंने हमें बताया कि वे जांच नतीजे मिलने में देरी और अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के साथ शौचालय का इस्तेमाल करने से नाराज थे।’’ बता दें अभी तक नागपुर में कोरोना वायरस से तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं।