तमिलनाडु के मदुरई में कई स्थानों पर 5 घंटे की लगातार भारी बारिश के कारण बड़े पैमाने पर जलभराव हुआ। शुक्रवार को मौसम विभाग ने पूवार्नुमान जताया था कि रविवार-सोमवार को ओडिशा से लेकर आंध्र प्रदेश के तट और कर्नाटक-तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बने कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो रहा है। साथ ही यह पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है।
कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात बनने का पहला चरण है, लेकिन यह जरूरी नहीं है कि प्रत्येक कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात में ही तब्दील हो। हालांकि अक्तूबर के महीने में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनते हैं और पूर्वी तट से टकराते हैं। कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव और चक्रवाती हवा की वजह से अधिकतर इलाकों और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के कुछ इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को मध्यम से भारी बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने बताया कि समुद्र के भी अशांत रहने की आशंका है। इसलिए मछुआरों को 9-10 अक्तूबर को अंडमान सागर और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और तमिलनाडु के अपतटीय क्षेत्र में भी रविवार से सोमवार दोपहर तक मछुआरों को नहीं जाने का परामर्श दिया गया है।