छत्तीसगढ़ में एक ही परिवार के पांच सदस्य रहस्यमय तरीके से मृत पाए गए हैं। यहां एक घर में पिता-पुत्र के शव फंदे से लटके हुए मिले। तो वहीं, 50 मीटर की दूरी पर पत्नी और दो बेटियों के शव जल हुए मिले। दुर्ग जिले में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिससे मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। हालांकि ये हत्या है या आत्महत्या इसको लेकर पुलिस ने अभी कुछ स्पष्ट नहीं किया।
पुलिस का कहना है कि एक परिवार के पांच सदस्यों के संदिग्ध अवस्था में शव मिले हैं। जिसमें पिता और जवान बेटे फांसी के फंदे में झूलते हुए अवस्था में मिले हैं जबकि घर से 50 मीटर की दूरी पर मां और दो बेटियां के शव को जले हुए अवस्था में बरामद किए गए हैं। फिलहाल दुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दुर्ग रेंज के आइजी विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि पांच सदस्यों का परिवार दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बठेना गांव का रहने वाला था, जिसमें से राम बृज गायकवाड़ (52), बेटा संजू (24), पत्नी जानकी बाई (47), बेटी दुर्गा (28) और ज्योति (21) के शव बरामद किए गए हैं।
इन शवों में से पिता राम बृज गायकवाड़ और बेटा संजू का शव पुलिस को मकान में फांसी पर लटका हुआ मिला तो वहीं पास के ही खेत में तीन महिलाओं के जले हुए शव बरामद किए गए हैं। शव की पहचान राम बृज गायकवाड़ की पत्नी जानकी बाई और उनकी दोनों बेटी दुर्गा और ज्योति के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि मृतक का घर गांव से बाहर 2 किलोमीटर दूरी पर स्थित है और इनका गांववालों से बहुत ज्यादा संपर्क नहीं रहता था। इन्होंने आधा एकड़ जमीन में हल्दी और सब्जी लगाई हुई है। पिता पुत्र के फांसी लगाने और मां सहित दोनों बेटियों के शव जली हुई अवस्था में मिलने के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है।