छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर एक ट्रक को नुकसान पहुंचाया है। इस घटना में पांच सुरक्षा कर्मियों समेत छह लोग घायल हुए हैं। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर भोपालपटनम की तरफ बीजापुर घाटी में आज नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया।
इस घटना में सीमा सुरक्षा बल के 414 बटालियन के चार जवान, एक डीआरजी का जवान और एक नागरिक घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में इस महीने की 12 तारीख को पहले चरण का मतदान होने के बाद सुरक्षा बलों को वहां से बाहर निकाला जा रहा है। आज जब बल के जवान एक वाहन में सवार होकर जा रहे थे तब नक्सलियों ने बीजापुर घाटी में बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया।
इस घटना में चार बीएसएफ जवान, एक डीआरजी का जवान और एक नागरिक ट्रक चालक घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त बल रवाना किया गया तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।


Download Android App
Download iOS App



