पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम के चेन्नई स्थित घर में चोरी की वारदात हुई है। चोरी में 1.5 लाख रूपया से अधिक मूल्य के जेवर और नकदी चोरी होने की खबर है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि कुछ दिन पहले 1.5 लाख रूपया नकदी और एक लाख रूपये मूल्य के सोने के जेवरात की चोरी हो गयी। मामला हाल में प्रकाश में आया। अधिकारी ने बताया कि पूर्व वित्त मंत्री के आवास पर काम कर रहे कुछ कर्मचारियों पर संदेह है। उनके आवास पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने घर में काम करने वाले दो नौकरानियों पर चोरी का शक जताया है। पुलिस ने बताया कि घर से मिले सीसीटीवी फुटेज में दो महिलाएं अपने मुंह पर कपड़ा बांधकर अंदर दाखिल होती दिख रही हैं। पुलिस को शक है कि यह दोनों महिलाएं नौकरानियां हैं। पुलिस पी.चिदंबरम की पत्नी नलिनी चिदंबरम के मैनेजर मुरली की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है। चोरों की तलाश के लिए डॉग स्कवॉयड को भी लगाया गया है।