मध्य प्रदेश के भिंड में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां विरखाड़ी गांव के करीब ग्वालियर से बरेली जाने वाली यात्री बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य यात्री घायल हो गए। मौके पर स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने पहुंचकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
भिंड जिले के एसपी मनोज कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 13 घायलों को अपताल में एडमिट करवाया गया है. जिसमें से चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। फ़िलहाल हादसे की की जांच हो रही है।
कंटेनर ट्रक भिंड की तरफ से आ रही थी और बस को टक्कर मार दी। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भिंड एसपी मनोज कुमार सिंह पहुंच गए हैं। घटना की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हताहत यात्रियों की भी पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
शिवराज ने 7लोगों के असमय निधन पर व्यक्त किया शोक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सड़क दुर्घटना में सात लोगों के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवारों को यह आघात सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल 15 नागरिकों के शीघ, स्वस्थ होने की कामना की है। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत कार्य तत्परता से जारी है। रेडक्रॉस द्वारा घायलों को त्वरित सहायता के रूप में 5 हजार रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है।मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित को यथोचित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।