कर्नाटक में कोरोना वायरस क कहर जारी है। राज्य में संक्रमितों की संख्या में लगातार तेज से इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8,244 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 4.68 लाख के करीब पहुंच गई है।
देश में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक सक्रिय मामलों वाले महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक अब देश का दूसरा ऐसा राज्य बन गया है। राहत की बात यह है कि इस दौरान 8,865 और मरीज स्वस्थ हुए जिससे संक्रमण मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 3.61 लाख से अधिक हो गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 4,67,689 हो गयी है। इस दौरान संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या बढ़कर 3,61,823 हो गयी है। इसी अवधि में 119 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 7,384 हो गयी है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 77.36 फीसदी पहुंच गयी जो रविवार को 76.82 प्रतिशत थी।
राज्य में सक्रिय मामलों में 740 की कमी आने के साथ यह घटकर आज 98,463 पहुंच गयी जो रविवार को 99,203 थी। गौरतलब है कि कर्नाटक संक्रमण के मामले में पूरे देश में चौथे स्थान पर है, लेकिन सबसे अधिक सक्रिय मामलों में कर्नाटक देश का दूसरा राज्य है। महाराष्ट्र के बाद सबसे अधिक सक्रिय मामले कर्नाटक में ही है। महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या 2.90 लाख से अधिक है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 48,46,427 तक पहुंच गई है और 79,722 लोग की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 37,80,107 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।