गोवा में TMC के साथ गठबंधन नहीं करेगी AAP, नया विकल्प मुहैया कराएगी पार्टी

Summary :

आम आदमी पार्टी ने कहा कि गोवा में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए वह ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से गठबंधन नहीं करेगी।

आम आदमी पार्टी (AAP) अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा के लिए चुनाव के लिए पूरी मेहनत कर रही। राज्य में पार्टी किसी के साथ गठबंधन न कर अकेले ही किस्मत आजमाएगी। आप ने गोवा में विधानसभा चुनावों के लिए ममता बनर्जी की टीएमसी से गठबंधन से साफ़ इंकार किया है।
पार्टी के गोवा डेस्क की प्रभारी आतिशी मर्लेना ने कहा कि आप गोवा में अच्छे उम्मीदवार उतारेगी और नया विकल्प मुहैया कराएगी तथा ईमानदार एवं भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाएगी। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने 2017 में भी गोवा विधानसभा का चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी।


आतिशी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रही हूं कि टीएमसी के साथ गठबंधन नहीं होगा। इसलिए उनके साथ बातचीत का सवाल ही नहीं है। हम गोवा में अच्छे उम्मीदवारों के साथ नया विकल्प देने और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

वह पश्चिम बंगाल के एक लेखक के ट्वीट का जवाब दे रही थीं, जिन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए कहा कि आप गोवा में टीएमसी के साथ गठबंधन करने की इच्छुक है और ममता बनर्जी की पार्टी ने इस प्रस्ताव पर अभी तक निर्णय नहीं किया है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर एक दौर की वार्ता हो चुकी है। आप ने गोवा विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का निर्णय किया है। 

Desk Team