छात्रों की मौत के बाद बंगाल बंद, समर्थकों ने बसों में की तोड़फोड़ तो कई जगह रोकी गई ट्रेनें

Summary :

BJP नेता राहुल सिन्हा के अनुसार, राज्य सरकार ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। इसी के खिलाफ हमने बंगाल बंद बुलाया है, हमें लोगों को समर्थन मिल रहा है।

पश्चिम बंगाल में बुधवार को पुलिस के साथ झड़प में दो छात्रों की मौत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने 12 घंटे का बंगाल बंद का एलान किया है। आज सुबह ही पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के नादनघाट क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रेल रोक दी। प्रदर्शकारियों की तरफ से कुछ जगहों पर बसों में तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद पश्चिम बंगाल में सरकारी बसों के ड्राईवर हेलमेट लगाकर चल रहे हैं। इस्लामपुर घटना के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने मिदनापुर में टायर में आग लगाई और सरकारी बसों में तोड़फोड़ की।

बंगाल बंद को लेकर इलाके में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। एक तरफ जहां बीजेपी ने लोगों से बंगाल बंद को सफल बनाने की अपील की है, वहीं राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस ने बंद को नाकाम करने के लिए कमर कस ली है। वाम मोर्चा और कांग्रेस ने इस्लामपुर की घटना का विरोध किया है, लेकिन बंद का समर्थन नहीं किया है। एक तरफ बीजेपी ने बंद बुलाया है तो उनके विरोध में TMC समर्थक आसनसोल में बाइक रैली निकाल रहे हैं।

कई दर्जन कार्यकर्ता बिना हेलमेट पहने रैली निकाल रहे हैं। BJP नेता राहुल सिन्हा के अनुसार, राज्य सरकार ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। इसी के खिलाफ हमने बंगाल बंद बुलाया है, हमें लोगों को समर्थन मिल रहा है। आपको बता दें कि उत्तरी दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर के दारीभीत गांव में ITI के छात्र राजेश सरकार और तृतीय वर्ष के कॉलेज छात्र तपस बर्मन की मौत के विरोध में BJP ने बुधवार को 12-घंटे का बंगाल बंद का आह्वान किया है।

Desk Team