मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने विधानसभा चुनाव के नतीजे आने पर कहा कि भाजपा ने 2014 की तुलना में कम सीटें जीती हैं लेकिन इस बार उसका ‘‘स्ट्राइक रेट’’ बेहतर है तथा सत्तारूढ़ गठबंधन राज्य में दोबारा सत्ता में आएगा। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को ‘‘स्पष्ट और निर्णायक जनादेश’’ देने के लिए महाराष्ट्र के लोगों का भी आभार जताया।
फड़णवीस ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल शिवसेना सत्ता के बंटवारे पर उसी तरह आगे बढ़ेंगे जैसा कि उनके बीच ‘‘पहले तय’’ हुआ था। हालांकि, उन्होंने पत्रकारों के कई सवालों के बावजूद इस मुद्दे पर विस्तार से जानकारी नहीं दी।उन्होंने माना कि पार्टी के कुछ नेताओं की बगावत के कारण भाजपा को राज्य चुनाव में थोड़ा नुकसान हुआ लेकिन साथ ही कहा कि उनमें से 15 सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल होने के लिए उनके संपर्क में हैं।
फड़णवीस ने सातारा लोकसभा सीट पर हुए उपुचनाव में पार्टी से उम्मीदवार उदयनराजे भोसले और परली विधानसभा सीट पर पंकजा मुंडे (राज्य सरकार में मंत्री) के हारने पर हैरानगी जताई। उन्होंने कहा, ‘‘मैं महायुति(महागठबंधन) को स्पष्ट जनादेश देने के लिये महाराष्ट्र के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह समय खुशी मनाने का है ना कि विश्लेषण करने का। लेकिन जब हम नतीजों को देखते हैं तो भाजपा ने 2014 में 260 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 122 पर जीत दर्ज की थी। इस बार हमने (भाजपा ने) 150 सीटों पर चुनाव लड़ा और हमारे सहयोगियों ने 14 पर तथा रुझानों के अनुसार हमारे 105 सीटें जीतने की संभावना है। पिछली बार हमारा स्ट्राइक रेट 47 फीसदी था और अब यह 70 फीसदी है।’’
फड़णवीस ने 2014 में कुल वोटों में भाजपा को 28 प्रतिशत प्राप्त होने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ इस बार हमें 26.5 प्रतिशत वोट मिले जबकि हम 164 सीटों पर चुनाव लड़े थे।’’ अगली सरकार में भाजपा और शिवसेना के सत्ता बंटवारे पर फड़णवीस ने कहा कि जैसा पहले तय हुआ था, उसी के अनुसार दोनों पार्टियां आगे बढ़ेंगी। फड़णवीस ने कहा कि उन्होंने चुनाव में जीत के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को फोन पर बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘आपको (मीडिया) सही समय आने पर पता चलेगा कि हमारे बीच क्या तय हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि उनकी निवर्तमान सरकार में छह मंत्री चुनाव हार गए और नतीजों का विश्लेषण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पंकजा मुंडे और भोसले के लिए दो अलग-अलग रैलियां किए जाने के बावजूद उनकी हार पर भाजपा ने कहा कि यह सत्तारूढ़ पार्टी के लिए ‘‘हैरानी’’ की बात है। उन्होंने कहा, ‘‘आप इसे दूसरे तरीके से भी देख सकते हैं कि प्रधानमंत्री ने मुंबई में रैलियां संबोधित की थी और हमारे सभी उम्मीदवार निर्वाचित हुए। हम उनकी रैली के बाद नासिक में भी जीत गए लेकिन हम मुंडे की हार का विश्लेषण करेंगे।’’
उन्होंने चुनाव में कुछ हद तक भाजपा को पहुंचे नुकसान की मुख्य वजह सत्तारूढ़ पार्टियों के कुछ नेताओं के बागी होने को बताया। फड़णवीस ने कहा, ‘‘इनमें से 15 मेरे संपर्क में हैं और महायुति में शामिल होंगे…संख्या बढ़ सकती है।’’ राकांपा प्रमुख शरद पवार के यह कहने पर कि लोगों ने यह स्वीकार नहीं किया कि ‘‘भाजपा 220 सीटें जीत जाएगी’’, इस पर फड़णवीस ने कहा कि वरिष्ठ नेता ने चुनाव में विपक्षी दलों के जीतने के बारे में भी कहा था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए उनके पास जश्न मनाने की कोई खास वजह नहीं है। वे सरकार बनाने से काफी दूर हैं।’’
भाजपा 52 सीटें जीतकर एक बार फिर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और वह 50 अन्य सीटों पर आगे चल रही है। राज्य में 288 सदस्यीय विधानसभा में किसी भी पार्टी या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए 145 सीटों की दरकार होगी।