मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनके इस बयान ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की अनुभवहीनता पर मुहर लगा दी है।
उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि ‘बदलापुर’ जैसे शब्दों का प्रयोग 15 महीनों की कांग्रेस सरकार की अकर्मण्यता पर पर्दा नहीं डाल सकते। उन्होंने कहा कि हम कहते थे तो कांग्रेसी मित्र नाराज हो जाते थे, अब तो पचास साल से कांग्रेसी अमरिंदर सिंह ने भी मुहर लगा दी की राहुल-प्रियंका अनुभवहीन हैं। उन्होंने कहा कि बदले की कार्यवाही किसी भी दल की ओर से हो गलत है। मैं और मेरे सहयोगी भी इसके भुक्तभोगी रहें हैं।
पन्ना में एक युवती पर हुए एसिड अटैक मामले को लेकर गृहमंत्री ने कहा कि आरोपियों को बख्शा नही जाएगा। दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उन पर कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित डॉक्टरों की निगरानी में है और उसकी स्थिति पहले से बेहतर है। अमरिंदर सिंह ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को ‘अनुभवहीन’ करार दिया और कहा कि पंजाब इकाई के कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ आगामी विधानसभा चुनाव में वह मजबूत उम्मीदवार उतारेंगे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की पंजाब इकाई में गुटबाजी और आंतरिक कलह की वजह से हाल में अमरिंदर सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अमरिंदर सिंह ने अपने कई साक्षात्कारों में कहा,‘‘प्रियंका और राहुल मेरे बच्चों की तरह हैं। इसका पटाक्षेप ऐसा नहीं होना चाहिए था। मैं व्यथित हूं।’’ उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मैं विधायकों को विमान से गोवा या अन्य स्थान पर नहीं ले गया। इस तरह से मैं काम नहीं करता। मैं तिकड़मबाजी नहीं करता और गांधी सहोदर जानते हैं कि यह मेरा तरीका नहीं है।’’
अमरिंदर सिंह ने जोर देकर कहा, ‘‘गांधी बच्चे’’ काफी हद तक ‘‘अनुभवहीन’’ हैं और उनके सलाहकार साफ तौर पर उन्हें ‘‘बहका’ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सिद्धू को मुख्यमंत्री पद पर पहुंचने से रोकने के लिए पूरी ताकत से कोशिश करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह ऐसे ‘खतरनाक व्यक्ति’ से देश को बचाने के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) अध्यक्ष (सिद्धू) की हार सुनिश्चित करने के लिए वह मजबूत उम्मीदवार खड़ा करेंगे।