कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज मध्यप्रदेश के दौरे पर है। राहुल गांधी मध्यप्रदेश के उत्तरी अंचल में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वही, शाह उज्जैन और भोपाल संसदीय क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी अभियान में शामिल होंगे।
राहुल का कार्यक्रम इस प्रकार है :
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, राहुल गांधी दिन में दो बजे भिंड संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी देवाशीष जरारिया के समर्थन में भिंड जिला मुख्यालय पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे मुरैना संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास रावत के पक्ष में मुरैना जिला मुख्यालय पर चुनावी सभा लेंगे।
कंप्यूटर बाबा बोले- राम मंदिर नहीं तो मोदी नहीं
वही, राहुल गांधी शाम को ग्वालियर के फूलबाग में कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह के समर्थन में भी चुनावी सभा लेंगे। तीनों ही सभा में मुख्यमंत्री कमलनाथ राहुल के साथ रहेंगे। ग्वालियर में कांग्रेस के अशोक सिंह का मुख्य मुकाबला भाजपा के विवेक शेजवलकर से है। बता दें कि इन सभी सीटों पर मतदान 12 मई को होगा।
अमित शाह का कार्यक्रम इस प्रकार है :
पार्टी की ओर से मुहैया कराई गई जानकारी के अनुसार अमित शाह उज्जैन संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के समर्थन में शाम को उज्जैन जिले के खाचरोद में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे भोपाल पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के समर्थन में रोड शो करेंगे। शाह भोपाल के भवानी चौक से नादिरा बस स्टैंड तक रोड शो करेंगे।
प्रज्ञा दोषी नहीं, ‘भगवा आतंक’ की शिकार : शिवराज सिंह चौहान
अमित शाह के रोड शो के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने ऐहतियातन सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध किए हैं। भोपाल मध्यप्रदेश ही नहीं देश की सबसे प्रमुख संसदीय सीट हो गई हैं। यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के मुकाबले भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मैदान में उतारा है। भाजपा के गढ़ माने जाने वाले भोपाल में कांग्रेस को पिछले तीन दशकों से विजय नसीब नहीं हुई है।